बातचीत कर रहे दो लोगों को एक ट्रैक्टर ने रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर

सिकंदराराऊ । कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव बाण अब्दुलहईपुर मार्ग पर सड़क किनारे बाइक खड़ी कर बातचीत कर रहे दो लोगों को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक वृद्ध की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के नाती ने कोतवाली में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शत्रुघ्न पुत्र राजकिशोर निवासी गांव व थाना मुस्करा जनपद हमीरपुर ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह 25 सितम्बर की दोपहर 1 बजे करीब हसायन क्षेत्र के गांव बाण अब्दुलहईपुर वैद्य जी पास दवा दिलवाने को अपने बाबा जसपाल पुत्र दुली चंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। गांव के रास्ते पर पुलिया के पास ठाकुरदास पुत्र मनीराम निवासी गांव पबई थाना जरिया जनपद हमीरपुर मिल गए । बाइक को सड़क किनारे खड़ी कर बाबा और ठाकुरदास बातचीत करने लगे। इस दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर के चालक ने तेजी व लापरवाही से ट्रैक्टर को चलाते हुए दोनों में टक्कर मार दी। हादसे में जसपाल और ठाकुरदास दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई । घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसायन पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जसपाल को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप घायल ठाकुरदास को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गई है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment