सिकंदराराऊ। एनएच 34 के एटा रोड स्थित गांव गढ़िया इकबालपुर के निकट शुक्रवार की दोपहर एक तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने घायलों को रेफर कर दिया।
जनपद अलीगढ़ के थाना अकराबाद थाना क्षेत्र के गांव दोहरे निवासी दिनेश पुत्र सत्य प्रकाश और राजेंद्र पुत्र देवेंद्र शुक्रवार की दोपहर को अपने भतीजे डंबर सिंह को देखने एटा जा रहे थे। बताया गया है कि डंबर सिंह एटा के अस्पताल में भर्ती है। दोनों बाइक सवार अपने भतीजे के लिए दूध और खाने-पीने की सामग्री भी लेकर घर से निकले थे। जैसे ही बाइक सवार गांव गढ़िया इकबालपुर के पास पहुंचे । तभी अलीगढ़ की ओर से तेज गति से आ रहे एक टैंकर के चालक ने तेजी व लापरवाही से टैंकर को चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया ।










