आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग स्थित जिले को सर्वाधिक राजस्व देने वाली मंडी समिति में सब्जियों के दामों में एक साथ गिरावट आने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
शुक्रवार को मंडी में मौजूद व्यापारियों और आढतियों ने बताया कि गोभी और प्याज करीब बीस रुपये किलो बिक रही हैं, जबकि मूली समेत अन्य सब्जियों के भाव भी काफी नीचे आ गए हैं। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों का कहना है कि सब्जियों की फसल तैयार करने में बीज, खाद, पानी और मजदूरी पर काफी खर्च करना पड़ता है। ऐसे में यदि मंडी में उपज अच्छे दामों पर नहीं बिकी तो लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा। किसानों को डर है कि उन्हें फसल में घाटा उठाना पड़ेगा और फिर से कर्ज के बोझ तले दबना पड़ेगा। वहीं, आढ़तियों का कहना है कि सब्जियों के भाव मांग और आवक के हिसाब से तय होते हैं। जब मंडी में माल कम आता है तो मांग बढ़ने से भाव तेज हो जाते हैं, जबकि अधिक आवक होने पर कीमतें गिर जाती हैं। 










