
जिले में चल रहे वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान (Financial Inclusion Saturation Campaign) के तहत भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के प्रबंधक जितेंद्र शर्मा ने केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में संचालित विभिन्न गतिविधियों की गहन समीक्षा की और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने पात्र लाभार्थियों तक बैंकिंग सेवाओं का लाभ पहुंचाने और वित्तीय समावेशन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की।
इसके पश्चात आरबीआई प्रबंधक जितेंद्र शर्मा ने अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) राजीव कुमार के साथ ग्राम उस्वा पहुंचकर वहां चल रहे प्रशिक्षण बैच का भी निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों से सीधा संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता को परखा। उन्होंने युवाओं व ग्रामीणों को उद्यमिता कौशल विकसित करने और स्वरोजगार के अवसरों को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्र में उद्यमिता, वित्तीय साक्षरता और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने में आरसेटी की भूमिका की सराहना की। संस्थान के निदेशक ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के इस दौरे से आरसेटी टीम और प्रशिक्षणार्थियों में नया उत्साह व ऊर्जा का संचार हुआ है। 










