कार और कैंटर में हुई टक्कर, दोनों वाहन पलटे

घटना में कैंटर चालक एवं परिचालक समेत कार सवार तीन यात्री हुए घायल:एटा रोड स्थित गांव टोली के पास हुआ हादसा

सिकंदराराऊ। एनएच 34 के एटा रोड स्थित गांव टोली के पास सोमवार को कार और कैंटर की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर हाइवे पर पलट गए। हादसे में कार सवार तीन यात्रियों समेत कैंटर चालक और क्लीनर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया ।

बताया जाता है कि सोमवार की सुबह एक कार और कैंटर एटा की ओर जा रहे थे। दोनों वाहन हाईवे की एक साइड पर बने दो लेन में चल रहे थे। इस दौरान कैंटर ने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कैंटर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जा गिरा और अनियंत्रित होकर पलट गई । कैंटर में कच्चे केले लदे हुए थे, जो सड़क किनारे बिखर गए। वहीं टक्कर लगने के बाद कार भी एक पलटा खाते हुए सड़क पर पलट गई। घटना में कैंटर चालक एवं परिचालक समेत कार सवार तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए । हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया । जहां उनका उपचार जारी है। टक्कर के बाद दोनों वाहनों के पलट जाने से हाइवे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटवाया। जिसके बार हाइवे पर वाहनों का आवागमन सुचारु हो सका ।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment