सिकंदराराऊ। कस्बा के मोहल्ला ब्राह्मणपुरी पुरानी तहसील रोड स्थित शिशु शिक्षा मंदिर (पेड़ वाले स्कूल) में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के बौद्धिक विकास के लिए स्कूल में सामान्य ज्ञान और पहाड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया । जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के प्रबंधक मुनेश चतुर्वेदी एवं प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने मां सरस्वती के छविचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सभी उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के छवि चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वक्ताओं ने दोनों महान पुरुषों के जीवन और उनके सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बच्चों को गांधी जी के सत्य और अहिंसा के मार्ग तथा शास्त्री जी के ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे को अपने जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों की भी सराहना की गई। इस मौके पर प्रबंधक मुनेश चतुर्वेदी, प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी, जहीरूद्दीन पीरजादा, श्रीकृष्ण दीक्षित (फौजी), शरद शर्मा, अनिल पचौरी, विवेक बघेल, मनीष शर्मा, प्रमोद बघेल, सोनी यादव , अनुपम तोमर आदि मौजूद रहे।












