अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, महिला की हुई मौत

हादसे में महिला का जेठ एवं 13 माह की मासूम बच्ची घायल:एटा रोड स्थित गांव उमरावपुर पर हुआ हादसा

सिकंदराराऊ । एनएच 34 के एटा रोड स्थित गांव उमरावपुर के पास शुक्रवार की सुबह एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय महिला की मौत हो गई ,जबकि उसकी 13 माह की अबोध बच्ची एवं उसका जेठ घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया ।


बताया जाता है कि जनपद एटा के गांव जिरसमी निवासी खूब सिंह की पत्नी कुमकुम अपने मायके हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला चौबे आई हुई थी। शुक्रवार की सुबह कुमकुम अपने जेठ गौरव पुत्र रामसिंह और 13 महीने की बच्ची के साथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रही थी। जैसे ही बाइक सवार सुबह 10:15 बजे गांव उमरावपुर के निकट पहुंचे। तभी पीछे से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया।

जहां चिकित्सकों ने कुमकुम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। कुमकुम की शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीत्कार मच गया और वह पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment