सिकंदराराऊ। एनएच 34 के एटा रोड स्थित गांव टोली के समीप शुक्रवार की सुबह ट्रक और कंटेनर आपस में टकराकर पलट गए। जिससे हाईवे के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। हादसे में दोनों वाहनों के चालक परिचालक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह 9:30 बजे करीब गिट्टी से भरा एक ट्रक सिकंदराराऊ की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक गांव टोली के निकट पहुंचा । तभी सामने सामान से भरा कंटेनर अचानक ट्रक के सामने आ गया। ओवरटेक की कोशिश में ट्रक चालक ने कट मारा। जिससे दोनों वाहन असंतुलित होकर पलट गए। हादसे में दोनों वाहनों के चालक और क्लीनर को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
हाईवे पर वाहनों के पलटने से दोनों ओर वाहनों की लंबी लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से हाईवे पर पलटे पड़े दोनों वाहनों को हटवाया । जिसके बाद हाईवे पर यातायात पुनः सुचारू हो सका।












