सीएचसी से चिकित्सकों ने तीन को किया रेफर:अलीगढ़ रोड के गांव हुसैनपुर पर हुआ हादसा
सिकंदराराऊ। एनएच 34 के अलीगढ़ रोड स्थित गांव हुसैनपुर के निकट बीती रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई रिक्शा चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने तीन घायल महिलाओं को अलीगढ़ रेफर कर दिया । हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि गुरुवार रात्रि 12 बजे करीब एक ई-रिक्शा सवारियों को लेकर गांव बिलार की ओर जा रहा था। जैसे ही ई-रिक्शा गांव हुसैनपुर के पास पहुंचा । तभी पीछे से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार ई-रिक्शा चालक तौशीन पुत्र फारुख, समीर पुत्र शकील निवासीगण मोहल्ला मटकोटा थाना सिकंदराराऊ पूजा पुत्री अनिल कुमार, नीलम पत्नी सोनू, सुमनलता पत्नी राजवीर सिंह निवासीगण गांव बिलार थाना सिकंदराराऊ गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई । घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों द्वारा हालत गंभीर होने पर पूजा, नीलम और सुमनलता को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया ।












