हाथरस। अग्रसैन इंटर कॉलेज हरदुआगंज अलीगढ़ में गुरुवार को अंडर-14 विद्यालयी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें अलीगढ़ मंडल के चार जनपदों एटा, हाथरस, अलीगढ़ एवं कासगंज की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर अलीगढ़ मंडल की 16 सदस्यीय अंडर-14 क्रिकेट टीम का चयन किया गया।। इस चयन प्रक्रिया में जनपद हाथरस के चार प्रतिभावान खिलाड़ियों गगन लालसा, लवकुश, सुधांशु एवं तिग्मांशु ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर अलीगढ़ मंडल की टीम में स्थान बनाया है। इन सभी खिलाड़ियों का चयन कानपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

प्रतियोगिता का शुभारंभ अग्रसैन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य द्वारा किया गया। जनपद हाथरस की टीम के कोच मानवेन्द्र सिंह एवं मैनेजर गौरव पाठक के निर्देशन में प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए अलीगढ़ पहुँची थी। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर मंडलीय चयन समिति द्वारा 16 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है।

इस अवसर पर जनपद प्रभारी दिग्विजय सिंह,मंडल खेल प्रभारी नीति सिंह, विकास कुमार,राजेश कुमार गुप्ता सहित अन्य सहयोगियों का प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं खिलाड़ियों के चयन में विशेष योगदान रहा।
हाथरस के चार खिलाड़ियों के मंडलीय टीम में चयनित होने पर खेल प्रेमियों एवं शिक्षकों में हर्ष का माहौल है। जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती नीरज गोयल,मनोज शर्मा, जनपद खेल सचिव अतुल वर्मा, कोच मानवेन्द्र सिंह एवं मैनेजर गौरव पाठक ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया है।












