दंपती ने बेवजह ई रिक्शा चालक को पीटा, घटना का वीडियो बना रहे युवक से भी मारपीट : आरोपियों ने जेब में रखे 1500 रुपए छीने

सिकंदराराऊ। कस्बा के पंत चौराहे के निकट मंगलवार को एक दंपती ने ई रिक्शा चालक को मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं घटना का वीडियो बना रहे युवक के साथ ही दंपती ने मारपीट कर दी और उसकी जेब में रखी हुई नगदी निकाल ली। पीड़ित ने कोतवाली रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है।

गांव नावली लालपुर निवासी रजनेश पुत्र विनोद ने दी तहरीर में कहा है कि उसके गांव का ही ओमबाबू पुत्र राजेंद्र ई रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। मंगलवार की दोपहर 2 बजे करीब एक दंपती पंत चौराहे के समीप बेवजह उससे मारपीट कर रही थी । शोरगुल सुनकर वह बीच बचाव करने को मौके पर पहुंच गया। उसने मारपीट कर रही दंपती की वीडियो बना ली ।

इससे कुपित होकर दंपती ने गाली गलौज कर उसके साथ भी मारपीट कर दी और उसकी जेब में रखे 1500 रुपए भी छीन लिए। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है। वहीं सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment