लढ़ौटा में दर्दनाक हादसा गौशाला के पास  हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक खच्चर की मौके पर ही मौत 

सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव लढ़ौटा में देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गौशाला के पास अचानक हाईटेंशन (एचडी) लाइन की चपेट में आने से एक खच्चर की मौके पर ही मौत हो गई। बेजुबान जानवर की मौत से गरीब परिवार पर रोजी-रोटी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने घटना की शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव लढ़ौटा निवासी सत्यवीर की पत्नी मुंद्रा देर शाम अपने खच्चर को जंगल में चारा खिलाकर घर वापस लौट रही थी। जैसे ही वह गांव में स्थित गौशाला के पास पहुंची, वहां लगे ट्रांसफार्मर से लटक रहे हाईटेंशन लाइन के खुले तार से खच्चर टकरा गया। तार में दौड़ रहे तेज करंट की चपेट में आते ही खच्चर छटपटाकर जमीन पर गिर पड़ा और देखते ही देखते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
​घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली घर पर सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई और मशक्कत के बाद खच्चर को बिजली के तार से अलग किया।
​रोती-बिलखती पीड़िता मुंद्रा ने बताया कि खच्चर ही उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र जरिया था। उसी के सहारे परिवार का पालन-पोषण होता था। पीड़िता ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सासनी कोतवाली में मामले की तहरीर दी है और मुआवजे की मांग की है। वही, घटना को लेकर ग्रामीणों में बिजली विभाग की इस लापरवाही के खिलाफ गहरा रोष व्यापत है।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment