
सिकंदराराऊ । हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव शंकरपुर में घर से लापता एक 45 वर्षीय अधेड़ का शव पोखर में पड़ा मिला । शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि गांव शंकरपुर निवासी 45 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र मनीराम 19 जून की तड़के अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। सुबह जब परिजनों ने उन्हें चारपाई पर नहीं पाया तो उनकी तलाश शुरू की, लेकिन दिनेश का कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार रात को बारात से लौट रहे कुछ युवकों ने परिजनों को बताया कि उन्होंने दिनेश को तड़के जाते हुए देखा था। इसके बाद भी काफी खोजबीन की गई, लेकिन वह नहीं मिले। परिजन थक-हारकर परेशान होकर बैठ गए थे। शनिवार को गांव के बाहर एक महिला ने पोखर में एक शव पड़ा देखा। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान दिनेश कुमार के रूप में की। शव मिलने की खबर से गांव में खलबली मच गई । मामले की सूचना पुलिस को दी गई । सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई । मृतक दिनेश कुमार के चाचा प्रेम शंकर और बड़े भाई सतीश कुमार ने बताया कि दिनेश 19 जून को तड़के करीब 2:30 बजे अपनी चारपाई से उठकर कहीं चले गए थे। सतीश कुमार ने यह भी बताया कि दिनेश की पत्नी की तीन-चार साल पूर्व मौत हो गई थी । जिसके बाद से उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। दिनेश गांव में दुकान चलाकर और खेती बाड़ी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से एक पुत्र और एक पुत्री अनाथ हो गए हैं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। अधेड़ की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।












