हाथरस। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल व अन्य हिंदू संगठनों द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर धरना दिया गया। इस दौरान हिंदूवादियो द्वारा जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। हिंदूवादियो द्वारा उक्त विरोध प्रदर्शन गौ सेवकों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में किया गया। हिंदूवादी संगठनों का आरोप है कि दो दिन पहले थाना हाथरस गेट पुलिस ने कुछ गौ सेवकों पर लाठीचार्ज किया था। जिसके विरोध में आज धरना प्रदर्शन किया गया और हिंदूवादियों द्वारा दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही की मांग की गई है।

पुलिस कार्यालय पर धरना एवं विरोध प्रदर्शन करते हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं का कहना है कि गौ सेवकों ने प्रताप चौराहे के पास गौवंश से लदी एक गाड़ी पकड़ी थी और इसकी सूचना पुलिस को दी थी। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने गौ सेवकों पर ही बल प्रयोग किया और गाड़ी को निकलवा दिया। गौ सेवकों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में आज दोपहर बड़ी संख्या में हिंदूवादी कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी ऑफिस के बाहर उनकी थाना हाथरस गेट प्रभारी निरीक्षक से तीखी नोंक-झोंक भी हुई। उनका कहना था कि इंस्पेक्टर ने उनको धमकी भी दी है। इसके बाद प्रदर्शनकारी एसपी ऑफिस पहुंच गए और धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी।

हिंदूवादी संगठनों के धरना प्रदर्शन की सूचना मिलने पर सीओ सिटी हिमांशु माथुर भी मौके पर पहुंच गये। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक थाना हाथरस गेट प्रभारी निरीक्षक और इस मामले में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही नहीं होती, तब तक वह धरना खत्म नहीं करेंगे। धरना की जानकारी मिलने पर अन्य पदाधिकारी भी वहां पहुंच गए और गद्दे बिछा दिए।प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में गौवंश व मांस की कथित अवैध तस्करी और इसमें पुलिस की संभावित मिलीभगत के गंभीर आरोप भी लगाए।
हिंदूवादी संगठनों ने मांग की है कि उक्त आरोपों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच हो। दोषियों पर कठोर कार्यवाही की जाए। साथ ही, गाड़ी और उसमें मौजूद लोगों की भूमिका की जांच कर संगठन को जानकारी दी जाए। गौ सेवकों पर लाठीचार्ज की घटना की जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय की जाए और क्षेत्र में गौ तस्करी पर तुरंत रोक लगाई जाए।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक इस मामले में कार्यवाही नहीं होगी। उनका धरना जारी रहेगा।
उक्त पूरे घटनाक्रम को लेकर हिंदू जागरण मंच के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख अभिषेक रंजन आर्य द्वारा एडीजी से फोन कर वार्ता कर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए कार्यवाही की मांग की गई है। वहीं विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल द्वारा भी घटना की पूरी जानकारी फोन के माध्यम से डीआईजी को दी गई है।समाचार लिखे जाने तक हिंदूवादी संगठनों का धरना प्रदर्शन जारी था।
इस दौरान धरना में विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना, उमाकांत,देवराज, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, हिंदू जागरण मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक रंजन आर्य, जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा, गौ सेवा शिवशंकर गुलाटी राष्ट्रीय स्वाभिमान दल के दीपक शर्मा, जतिन सारस्वत, अमित भार्गव, शिवम शर्मा, तरुण शर्मा, हर्षित गौड़, गोपाल कृष्ण शर्मा, अमित कुशवाहा, अनमोल अग्निहोत्री सहित तमाम हिंदूवादी मौजूद थे।












