पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया घटना में तीन महिलाओं समेत पांच घायल

सिकंदराराऊ । कस्बा के मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिम में रविवार दोपहर पति-पत्नी के बीच हुए मामूली विवाद ने मारपीट व पथराव का रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट के साथ जमकर पथराव हुआ। जिससे मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। घटना में तीन महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए एक युवक को हिरासत में ले लिया।
बताया जाता है कि मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी निवासी यासीन की शादी तीन वर्ष पूर्व जनपद कासगंज के बिलराम निवासी रेनू से हुई थी। दंपती पर एक वर्ष का एक पुत्र भी है। यासीन जयपुर में अपने परिवार समेत रहकर मजदूरी करता है । बताया जाता है कि परिवार में एक कार्यक्रम होने के कारण दोनों कुछ दिन पूर्व जयपुर से कस्बा स्थित अपने घर आए थे। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर मामूली विवाद हो गया। इसके बाद रेनू ने अपने मायके पक्ष को मामले की सूचना दे दी। सूचना पाकर कासगंज के बिलराम क्षेत्र से रेनू के परिजन और अन्य लोग उसके घर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मामला अचानक मारपीट में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोग घर की छत पर चढ़ गए और कुछ सड़क पर खड़े होकर पथराव करने लगे। करीब पांच से दस मिनट तक चले पथराव में घर का सामान क्षतिग्रस्त हो गया तथा मोहल्ले में भगदड़ मच गई। घटना में शाहिद, चांदनी पत्नी फारूक, नदीम पुत्र खलील, हिना पुत्री अनवर, रुखसार पुत्री अनवर घायल हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई तथा हालात को काबू में किया। पुलिस ने मौके से रेनू के भाई को हिरासत में ले लिया। जबकि अन्य लोग वहां से भाग गए। दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस ने सभी घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है ।दोनों पक्षों की तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल में जुट गई है ।












