टीकाकरण के 18 घंटे बाद 9 माह की बच्ची की मौत, मचा कोहराम

बच्ची के पिता ने जिलाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव नाई नगला ताहर में टीकाकरण के 18 घंटे बाद रविवार को एक 9 माह की अबोध बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिजनों में हाहाकर मच गया। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया है कि गलत टीका लगाने की वजह से उनकी बेटी की जान गई है। घटना के बाद मृतका बच्ची के पिता ने जिलाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बताया जाता है कि गांव नाई नगला ताहर निवासी शेर सिंह पुत्र डोरीलाल की 9 माह की पुत्री तन्नु थी। तन्नु शेर सिंह की पांचवीं संतान थी। पिता शेर सिंह ने बताया कि वह शनिवार को अपनी 9 माह की पुत्री तन्नु को सरकारी टीकाकरण अभियान के तहत टीका लगवाने गए थे। गांव के प्राथमिक विद्यालय में वैक्सीनेशन केंद्र बनाया गया था। आरोप है कि केंद्र पर मौजूद एएनएम द्वारा बच्ची को टीका लगाया गया था। टीकाकरण के लगभग 18 घंटे बाद रविवार की सुबह 8 बजे करीब तन्नु की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और देखते ही देखते उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद परिजनों में चीत्कार मच गया। शेर सिंह ने बताया कि उनकी पुत्री पूरी तरह से स्वस्थ्य थी और टीकाकरण के बाद रविवार को उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई । भावुक होते हुए शेर सिंह ने कहा कि “जो हमारी बेटी के साथ हुआ है, वह किसी और के बच्चे के साथ न हो।” उन्होंने प्रशासन से इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की गुहार लगाई है। मासूम बच्ची की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है ।
इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. आर. के. वर्मा ने बताया कि बच्ची को रोटावायरस और पोलियो की ड्रॉप पिलाई गई थी, उसके बाद पेंटाबेलेंट नाम की वैक्सीन लगाई गई थी। जो वैक्सीन लगाई गई थी, वह शासन स्तर से उपलब्ध कराई गई है और पूरे जिले में उसी वैक्सीन से टीकाकरण किया जा रहा है। अब तक कहीं से भी ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। बच्ची की मौत की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और पूरे मामले की गहनता से जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment