
हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बीती रात्रि को बागला संयुक्त जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों से उनका हाल-चाल जाना तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए अस्पताल में मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने मरीजों से पूछा कि चिकित्सकों द्वारा नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है या नहीं तथा आवश्यक दवाएं एवं जांच सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जा रही हैं या नहीं। मरीजों ने अस्पताल में मिल रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा सभी स्वास्थ्य सेवाएं संवेदनशीलता एवं गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें। जिससे जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्सकगण एवं संबंधित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।












