मोमोज दुकान पर ग्राहक की जेब से पर्स पार: खलबली

हाथरस। शहर के कमला बाजार स्थित एक मोमोज की दुकान पर एक युवक का पर्स चोरी हो जाने से खलबली मच गई। पीड़ित ने अज्ञात चोर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और कार्यवाही की मांग की है। बताया जाता है थाना मुरसान क्षेत्र के गांव कोटा निवासी यतेन्द्र शुक्ला पुत्र गंगाशरण शुक्ला बीती रात्रि को अपने परिवार के साथ कमला बाजार में मोमोज बाइट प्रतिष्ठान पर मोमोज खाने गए थे और इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति उनके बेहद करीब आकर खड़ा हो गया। यतेन्द्र को अपनी पिछली जेब के पास कुछ गतिविधि महसूस हुई, लेकिन जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो वह व्यक्ति वहां तुरंत चला गया।
बताया जाता है जब उन्हें अपनी जेब से पर्स चोरी होने की जानकारी नहीं हो सकी। यतेन्द्र के अनुसार उन्होंने रात को पेटीएम के माध्यम से भुगतान किया और वहां से चले गए। कुछ समय बाद जब उन्होंने अपना पर्स देखा तो वह गायब था। इसके बाद वह तत्काल वापस दुकान पर पहुंचे और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुलिस की मौजूदगी में प्रतिष्ठान के संचालक ने सीसीटीवी फुटेज दिखाई। पीड़ित का दावा है कि फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति उनके पीछे खड़े होकर उनकी गतिविधियों पर नजर रखते दिखाई दे रहे हैं। पर्स चोरी होने के तुरंत बाद वे तेजी से वहां से निकलते भी नजर आते हैं। यह फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है।चोरी हुए पर्स में आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे थे। पीड़ित ने आशंका जताई है कि इन दस्तावेजों का दुरुपयोग कर साइबर ठगी, बैंकिंग धोखाधड़ी या अन्य आपराधिक गतिविधियां की जा सकती हैं। उन्होंने पुलिस से अज्ञात आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी तथा पूरे मामले की गहन जांच कराने की मांग की है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment