
हाथरस-। कस्बा मुरसान स्थित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र पर आज तड़के सुबह करीब 3:30 बजे आकाशीय बिजली गिरने से नुकसान हो गया। आकाशीय बिजली से उपकेंद्र से जुड़े कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
आकाशीय बिजली गिरने से हुए जोरदार धमाके के कारण 33 केवी की मुख्य विद्युत सप्लाई पूरी तरह फेल हो गई। उपकेंद्र में लगी बैटरी भी फट गई। इसके अतिरिक्त, कंट्रोल रूम और कंट्रोल पैनल की मशीनों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। घटना के समय उपकेंद्र में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और वह बाहर निकल आए। हादसे के बाद काफी देर तक कर्मचारियों में भय का माहौल बना रहा। मुरसान विद्युत उपकेंद्र से जुड़े सभी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है। विद्युत विभाग के कर्मचारी घटना के बाद से ही मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार तकनीकी खराबी को दूर करने के प्रयास जारी हैं और जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।












