दूसरी बार बने धर्मेंद्र सिंह चौहान एसडीएम सिकंदराराऊ

सिकंदराराऊ। प्रशासनिक फेरबदल के बाद नए उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कार्यभार संभाल लिया है। जबकि निवर्तमान एसडीएम संजय कुमार का स्थानांतरण हरदोई जनपद में सिटी मजिस्ट्रेट के पद पर कर दिया गया है। संजय कुमार के स्थानांतरण के बाद रिक्त हुए एसडीएम पद पर धर्मेंद्र सिंह चौहान ने रविवार को कार्यभार ग्रहण किया। यह उनकी सिकंदराराऊ में दूसरी तैनाती है। इससे पूर्व भी वह यहां उपजिलाधिकारी के पद पर सेवाएं दे चुके हैं । जिसके बाद उनका स्थानांतरण हाथरस जनपद में हो गया था। हाथरस में धर्मेंद्र सिंह चौहान ओसी कलेक्टर एवं न्यायिक पद पर कार्यरत थे। शासन ने जनहित और कार्यहित को देखते हुए जनपद हाथरस में कार्यरत उपजिलाधिकारियों की नवीन तैनाती की है । जिसके तहत उन्हें पुनः सिकंदराराऊ का उपजिलाधिकारी बनाया गया है।
निवर्तमान एसडीएम संजय कुमार अपने कार्यकाल के दौरान जनहित में त्वरित कार्रवाई, सख्त प्रशासनिक फैसलों और सरल व्यवहार के लिए लोकप्रिय रहे। उन्होंने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके स्थानांतरण की खबर से क्षेत्र की जनता में जनता में भावुकता देखी गई। वहीं धर्मेंद्र सिंह चौहान की सिकंदराराऊ में दोबारा तैनाती से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने उनके आगमन पर स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि वह अपनी पूर्व की तरह निष्पक्ष और जनहितकारी कार्यशैली से जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे।












