
सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव जरीनपुर भुर्राका में एक विवाहिता की बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुरालजनों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
बताया जाता है कि जनपद एटा के गांव विक्रमपुर निवासी 42 वर्षीय निशा की शादी 18 वर्ष पूर्व क्षेत्र के गांव जरीनपुर भुर्राका निवासी गगन कुमार से हुई थी, जो एक प्राइवेट टीचर हैं। दंपती के दो बच्चे भी हैं।
शादी के बाद निशा की तबीयत खराब रहने लगी थी और वह मानसिक रूप से भी अस्वस्थ थीं। मंगलवार की रात्रि को निशा की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सूचना पाकर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। निशा के भाई ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग उसकी बहन को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे और उसका उचित इलाज भी नहीं करा रहे थे। इसी उत्पीड़न के कारण उसकी बहन की मौत हुई है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा ने बताया कि मृतका के शव को पीएम के लिए भेजा गया है । पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।












