मेडिकल स्टोर पर मिलीं एक्सपायरी दवाःशिकायत पर छापेमारीःब्रिकी पर रोक

सिकन्द्राराऊ कस्बा के पंत चैराहे स्थित एक मेडिकल स्टोर की शिकायत होने पर तहसीलदार एवं औषधि निरीक्षक की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्यवाही की। इस दौरान टीम को मौके पर एक्सपायरी दवाएं मिली। जिसके चलते टीम ने जांच पूरी होने तक दवाओं की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
तहसीलदार सोनू बघेल एवं औषधि निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने आज संयुक्त रूप से कस्बा के पंत चैराहे स्थित विवेक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। जिससे वहां खलबली मच गई। छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक पुष्पेंद्र कुमार और स्वीकृत फार्मासिस्ट दोनों अनुपस्थित पाए गए। मेडिकल स्टोर पर मेडिकल संचालक का पुत्र बैठा मिला। नियमानुसार मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट की उपस्थिति अनिवार्य है। छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर पर तीन अलग अलग प्रकार की दवाएं मिली। जिनकी समय अवधि भी समाप्त हो चुकी थी। इन एक्सपायरी दवाओं को एक्सपायरी बॉक्स में न रखकर सामान्य दवाओं के साथ रखा गया। टीम ने जब एंटीबायोटिक और अन्य दवाओं के खरीद बिक्री के बिल मांगे तो टीम को कोई दस्तावेज पेश नहीं किए। दवाओं के स्टॉक से संबंधित रजिस्टर भी मौके पर नहीं मिले।
औषधि निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि मेडिकल स्टोर पर मिली अनियमिताएं बेहद गंभीर है। दवाओं के रख रखाव और उनके रिकॉर्ड में बड़ी खामियां पाई गई है। जब तक पूरी जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती तब तक दुकान में रखी सभी दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। एक्सपायरी डेट की दवाएं बेचे जाने की शिकायत पर यह कार्यवाही की गई है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment