
सिकंदराराऊ। हाथरस रोड स्थित पशु पैंठ के निकट एक तेज रफ्तार मैक्स गाड़ी ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया । जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया । जिला अस्पताल से उन्हें आगरा रेफर कर दिया । जहां उनका उपचार जारी है । घायल युवक के साले ने अज्ञात मैक्स चालक के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बा के मोहल्ला गढ़ी बुंदू खा निवासी गिरीश कुमार पुत्र बेणीराम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 24 अप्रैल की सुबह 10:30 बजे करीब उसके बहनोई अमित कुमार पुत्र रामबाबू निवासी गांव नगला भूरा थाना चन्दपा एवं ध्रुव सिंह पुत्र कमल सिंह निवासी चितावर थाना चंदपा बाइक पर सवार होकर हाथरस की ओर जा रहे थे । जैसे ही बाइक सवार पशु पैंठ के समीप पहुंचे । तभी सिकंदराराऊ की ओर से तेज गति से आ रही मैक्स गाड़ी ने बाइक में टक्कर मार दी । हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।












