
सिकन्द्राराऊ। कोतवाली हसायन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर अंडौली मार्ग से एक युवक को महिलाओं एवं युवतियों पर अश्लील फब्तियां कसने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एसआई प्रमोद कुमार अपने हमराहो के साथ गश्त में मामूर थे। तभी उन्हें जरिए मुखबिर सूचना मिली कि एक युवक गांव अंडौली मार्ग पर खड़े होकर आने जाने वाली महिलाओं एवं युवतियों पर अश्लील फब्तियां कस रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी ने पुलिस पूछताछ के दौरान अपना नाम गवेश कुमार पुत्र जगदीश प्रसाद निवासी गांव अंडौली थाना हसायन बताया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।












