सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव बरामई में आज दोपहर एक अधेड़ व्यक्ति का शव पेड़ पर लटका मिलने से भारी सनसनी फैल गई और घटना की खबर से मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। वहीं सूचना पाकर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई।
बताया जाता है कोतवाली क्षेत्र के गांव बरामई में आज दोपहर एक अधेड़ करीब 55 वर्षीय व्यक्ति का शव पेड़ पर लटका मिलने से भारी सनसनी फैल गई। गांव से करीब पौने किलोमीटर दूर हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को भी सूचित किया गया। बाद में शव की पहचान बरामई निवासी बनवारीलाल उर्फ बारी पुत्र बनी सिंह दिवाकर के रूप में हुई है। अधेड़ का शव गांव के बाहर खेतों की ओर जाने वाले रास्ते पर एक पेड़ से लटका हुआ मिला है।
घटना की सूचना पर पाकर पहुंची थाना पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बनवारीलाल की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है।
घटना के संबंध में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि फिलहाल घटना को लेकर कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












