हनुमान चैकी क्षेत्र के निकट सोमवार की देर शाम सड़क हादसे के बाद उपजे विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये घायलों को उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव सीकुर निवासी मनोज पुत्र दिगंबर और सोनू पुत्र सुरेश चंद अपनी बाइक से किसी काम से जिला अलीगढ़ के गांव पाली गये थे। लौटते वक्त मार्ग में रास्ते में एक अनियंत्रित बाइक ने उनकी बाइक कोें टक्कर मार दी, जिससे मनोज की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों के हाथ-पैर में चोटें आईं। उस वक्त दोनों अपने-अपने गंतव्य को चल दिए। वहीं पीड़ित मनोज का आरोप है कि जिस बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मारी थी, उसी व्यक्ति ने फोन के माध्यम से अपने अन्य साथियों को बुला लिया और उनके साथ मिलकर श्री हनुमान जी चैकी के पास उन्हें रोक लिया, और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी, जिसमें दोनों युवक लहुलुहान हो गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी लेकर आई। सीएचसी में चिकित्सा प्रभारी डॉ. पंकज कुमार ने घायलों का परीक्षण कर प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन दोनों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर अवधेश कुमार ने बताया कि झगड़े की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।












