रिश्वत के खेल ने खाकी को किया तार तार

एंटी करप्शन टीम ने कचौरा पुलिस चौकी इंचार्ज को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार: मारपीट के मामले में पीड़िता महिला से आरोपियों को गिरफ्तार करने की एवज में दरोगा ने ली रिश्वत: रिश्वतखोर दरोगा हुआ गिरफ्तार महकमें में मचा हड़कंप

सिकंदराराऊ। रिश्वत के खेल ने खाकी को तार तार कर दिया । शुक्रवार की रात्रि को पुलिस चौकी कचौरा में उस समय खलबली मच गई ,जब भ्रष्टाचार निवारण संगठन आगरा और अलीगढ़ की संयुक्त टीम ने कचौरा चौकी इंचार्ज जंगजीत सिंह को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मारपीट के एक मामले में आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की एवज में पीड़िता महिला से रिश्वत मांगी थी।
बताया जाता है कि कचौरा चौकी क्षेत्र के गांव जुलापुर निवासी रीना पत्नी अनिल कुमार ने 10 मई को कोतवाली में गांव के ही चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पीड़िता कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई दिनों से कचौरा पुलिस चौकी के चक्कर काट रही थी। पीड़िता का आरोप है कि कचौरा चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक जंगजीत सिंह ने आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाई करने की एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे थे। पीड़िता महिला ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन अलीगढ़ में की । शिकायत पर आगरा और अलीगढ़ की संयुक्त ट्रैप टीम का गठन किया गया। शुक्रवार की रात्रि 8 बजे करीब जैसे ही पीड़िता महिला ने कचौरा चौकी इंचार्ज जंगजीत सिंह को केमिकल लगे 500 -500 के 20 नोट दिए। जैसे ही दरोगा ने रिश्वत के 10 हजार रुपए लिए वैसे ही भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने दरोगा को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम चौकी इंचार्ज जंगजीत सिंह को अपने साथ हाथरस जंक्शन थाने ले गई । जहां उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया । एंटी करप्शन टीम के प्रभारी देवेंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि की है। शनिवार को मामले को लेकर लोगों के बीच पूरे दिन चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment