नीचे खड़े परिजन बार-बार गुहार लगाते रहे। “सौरभ नीचे उतर आ… तेरी शादी करवा दूंगा”, लेकिन युवक अपनी मांग पर अड़ा रहा
करीब दो घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे ने पुलिस और ग्रामीणों की सांसें अटकाई

सिकंदराराऊ । शोले फिल्म का यह डायलॉग मर जाऊंगा,मिट जाऊंगा गांव वालों ,जब तक मुझे बसंती नहीं मिलेगी शुक्रवार की शाम को उस समय चरितार्थ हो गया । जब क्षेत्र के गांव भटीकरा में एक 23 वर्षीय युवक अपनी प्रेमिका से शादी करने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। नीचे खड़े परिजन बार-बार गुहार लगाते रहे। “सौरभ नीचे उतर आ… तेरी शादी करवा दूंगा”, लेकिन युवक अपनी मांग पर अड़ा रहा। करीब दो घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे ने पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों की सांसें अटका दीं। बाद में युवक को समझा बुझाकर टावर से उतारा। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली ।
बताया जाता है कि गांव भटीकरा निवासी सौरभ का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। कई बार बातचीत की कोशिश नाकाम होने के बाद सौरभ मानसिक रूप से परेशान हो गया था। शुक्रवार शाम वह अचानक गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और हंगामा शुरू कर दिया।
जैसे ही ग्रामीणों ने युवक को टावर पर चढ़ा देखा, इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कोई वीडियो बनाने लगा तो कोई युवक को नीचे उतरने की सलाह देता नजर आया। टावर के नीचे खड़े परिजन रोते-बिलखते रहे। वो लगातार युवक से कहते दिखाई पड़े कि सौरभ नीचे उतर आ… उस लड़की से तेरी शादी करवा देंगे”। घटना की सूचना मिलते ही बाजिदपुर, अगसौली पुलिस चौकी और सिकंदराराऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक बार-बार एक ही बात दोहराता रहा कि जब तक उसकी शादी नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। पुलिस ने युवती के परिवार से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने बातचीत से इनकार कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि सौरभ पहले भी कई जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों के पास जाकर शादी कराने की मांग कर चुका था। हालांकि हर बार उसे समझाकर लौटा दिया गया। इस बार उसने नाराज होकर ऐसा कदम उठा लिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। करीब दो घंटे तक चले ड्रामे के बाद युवक के परिजन लगातार उसे समझाते रहे।
छोटे भाई और मां की भावुक अपील के बाद आखिरकार सौरभ का गुस्सा शांत हुआ। काफी मशक्कत के बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया। युवक के नीचे आते ही पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। बाद में पुलिस युवक को अपने साथ कोतवाली ले आई । जहां उसे समझा बुझाकर छोड़ दिया गया। मामले को लेकर लोगों के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।












