क्षेत्र में लगातार मिल रही अवैध खनन की शिकायतों पर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। अफसरान ने साफ कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ भविष्य में और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसी के चलते गांव रहना में अवैध खनन की शिकायत जब एसडीएम शिव प्रकाश यादव को मिली तो उन्होंने शिकायत को गंभीरता से लिया और रात्रि करीब एक बजे अवैध रूप से खनन कर रहे दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी को जब्त कर खनन करने वालो के खिलाफ कार्रवाई की।
मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार, गांव रहना में रात के वक्त नियमों को ताक पर रखकर अवैध खनन का कारोबार धड़ल्ले से चलाया जा रहा था। प्रशासनिक अफसरों को इसकी भनक लगते ही एसडीएम सासनी ने अपनी विशेष टीम और स्थानीय पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचने का निर्णय लेते हुए रात करीब एक बजे पूरे अमले के साथ अचानक छापामारी की तो खनन कर रहे लोगों में खलबली मच गई। टीम ने मौके से अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन को रंगे हाथों पकड़ लिया। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी वाहनों और मशीनरी को मौके पर ही जब्त कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मौका पाकर खनन कर रहे आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गये।











