हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर छात्र की मौतःकोहरामझटका मशीन के लोहे के तार के बंडल को फेंकने के दौरान हुआ हादसा

सिकन्द्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव हबीबपुर में आज हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर एक 15 वर्षीय छात्र की जिंदा जलकर मौत हो गई। बिजली के तार से लिपटकर छात्र काफी देर तक जलता रहा। छात्र के शव से धुआं निकलता रहा। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। छात्र की मौत से परिजनों में चीत्कार मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जाता है गांव हबीबपुर निवासी ओमवीर सिंह का 15 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार कक्षा आठ का छात्र था और वह कस्बा के एक विद्यालय में पढ़ता था। आज सुबह करीब 6.30 बजे विनोद गांव के बाहर मौजूद था। बताया जा रहा है कि उसके हाथ में झटका मशीन के लोहे के तार का बंडल था। इस दौरान वह तार को सड़क पार दूसरी ओर फेंक रहा था। तभी लोहे का तार ऊपर होकर गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। हाईटेंशन लाइन का करंट लोहे के तार के जरिए युवक के शरीर में उतर गया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। छात्र की मौत से परिजनों में हाहाकार मच गया। छात्र की मौत से गांव में मातम पसर गया।
उक्त हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने मांगों को लेकर कुछ देर छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस ने मृतक छात्र के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। छात्र की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment