विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौतःससुराल पक्ष पर आरोप

सहपऊ थाना क्षेत्र के कस्बा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से भारी सनसनी फैल गई। वहीं मृतका के भाई ने उसके पति पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताते हैं कस्बा के मौहल्ला होली गेट निवासी 30 वर्षीय श्रीमती कीर्ति पत्नी सोमेश का मायका कासगंज में है। मृतका कीर्ति के दो बच्चे भी हैं तथा रविवार देर रात कीर्ति अपने घर में संदिग्ध अवस्था में बेहोश मिली। बताया जाता है उसका पति सोमेश क्षेत्र के गांव मानिकपुर में लगने वाली साप्ताहिक पेंठ में सब्जी बेचने गया हुआ था। रात में जब वह घर लौटा, तो कीर्ति अचेत अवस्था में पड़ी थी। घबराए पति सोमेश ने तत्काल परिजनों की मदद से कीर्ति को कस्बा के एक निजी चिकित्सक के पास पहुँचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख- पुकार मच गई। घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को दी गई। सूचना मिलते ही कासगंज से मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। मृतका के भाई प्रेमचंद ने आरोप लगाया कि उसके पति सोमेश ने कीर्ति को विषाक्त पदार्थ देकर मार डाला है। उन्होंने यह भी बताया कि सोमेश अक्सर शराब पीकर कीर्ति के साथ मारपीट करता था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी मयंक चैधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जायेगी।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment