
मुरसान थाना क्षेत्र के गांव गोलनगर के पास एक युवक का आज शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से भारी सनसनी फैल गई और मौके पर क्षेत्रीय लोगों की भीड़ लग गई। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताते हैं मृतक की पहचान थाना चंदपा क्षेत्र के गांव चाचपुर निवासी लालकृष्ण उर्फ काका पुत्र विजेंद्र पाल के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार लालकृष्ण कल बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे सादाबाद क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के बाद वह देर रात अपने गांव के लिए रवाना हुआ था। लेकिन जब वह घर वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। आज सुबह थाना क्षेत्र के गांव गोलनगर के निकट उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हालत में मिली और उसका शव भी सड़क किनारे पड़ा हुआ था। मृतक के परिजन विनय कुमार ने बताया कि लालकृष्ण का रात में किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था। परिजनों ने घटना को हत्या करार देते हुए पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। मुरसान थाना प्रभारी अरविंद सक्सेना ने बताया कि मौत का सही कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।












