सड़क हादसे में युवक की मौत से कोहराम

सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव नीति निवास निवासी एक 28 वर्षीय युवक की जनपद मथुरा में सड़क दुर्घटना के दौरान दर्दनाक मौत हो जाने से भारी कोहराम मच गया है। मृतक नोएडा से अपने गांव लौट रहा था। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कोतवाली क्षेत्र के गांव नीति निवास निवासी राकेश गौतम पुत्र सुरेशचंद्र गौतम नोएडा में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। कल गुरुवार शाम वह अपनी बाइक से नौकरी छोड़कर व सामान लेकर अपने गांव वापस आ रहा था। तभी रास्ते में जनपद मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में पहुंचने पर एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही राकेश के परिजनों में कोहराम मच गया और वह तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। राकेश अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment