आॅपरेशन दहन में पुलिस ने 31 लाख के मादक पदार्थों का कराया विनष्टीकरण

हाथरस ऑपरेशन दहन के अंतर्गत पुलिस की बड़ी कार्यवाही में 31 लाख 6 हजार 500 रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया गया हैं।

मुख्यमंत्री के नशा मुक्त उत्तर प्रदेश के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु राजीव कृष्णा पुलिस महानिदेशक द्वारा दिये गये निर्देशन के क्रम में प्रदेश में जब्त/बरामद अवैध मादक पदार्थों के विधिसम्मत विनष्टीकरण/निस्तारण हेतु विशेष अभियान ऑपरेशन दहन 1 मार्च से 31 मई तक चलाया जा रहा है। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार चलाये जा रहे ऑपरेशन दहन के अंतर्गत पुलिस द्वारा आज नशीले पदार्थों के विरुद्ध एक निर्णायक कार्यवाही की गई। पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 48 अभियोगों से संबंधित जब्त किए गए मादक पदार्थों का नियमानुसार विनष्टीकरण किया गया।
ऑपरेशन दहन अभियान के तहत राजपत्रित अधिकारियों और सभी थाना प्रभारियों की एक संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया, जिनके द्वारा नशीले मादक पदार्थों को नष्ट कराया गया, जो लंबे समय से थानों के मालखानों में मुकदमे की कार्यवाही के कारण जमा थे। विनष्टीकरण जेआर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड एत्मादपुर आगरा स्थित इंसीनेरेटर (भट्ठी) के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ पूर्ण किया गया। विनष्ट किए गए कुल मादक पदार्थों का वजन लगभग 11.427 किलोग्राम है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 31 लाख 6 हजार 500 रुपये (इकत्तीस लाख छः हजार पाँच सौ रुपये है। विनिष्टीकरण मादक पदार्थो में नशीला पाउडर वजन 9.454 किलोग्राम, स्मैक वजन 0.013 किलोग्राम, गांजा 1.2 किलोग्राम , चरस, डोडा वजन 0.500 किलोग्राम, अफीम वजन 0.010 किलोग्राम हैं। पुलिस द्वारा ऑपरेशन दहन के तहत जनता को संदेश दिया कि इस अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क को तोड़कर, उन्हें जब्त कर सार्वजनिक रूप से नष्ट किया जा रहा है। नशा तस्करों की जड़ें खोदकर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा और युवाओं के भविष्य को बर्बाद होने से बचाने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment