
बेटी की कामयाबी से कस्बा का नाम एक बार फिर गौरवान्वित हुआ है। होनहार बेटी दीक्षा सिंह पुत्री महेंद्र सिंह सोलंकी (सीए) ने विश्व स्तर पर विख्यात आईएसबी (इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस), हैदराबाद से अपना बिजनेस प्रोग्राम सफलतापूर्वक पूरा कर डिग्री हासिल की है।
कस्बा निवासी विशिष्ट समाजसेवी पूर्व ब्लाक प्रमुख पति महेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि आइएसबी हैदराबाद एक ऐसा संस्थान है जिसकी ख्याति सात समंदर पार तक है और जहाँ विदेशों से भी छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। यहाँ प्रवेश पाना आसान नहीं है। पूरे देश से प्रति वर्ष एक बैच में मात्र 50 छात्रों को ही इस विशेष प्रोग्राम में जगह मिलती है। दीक्षा ने अपनी मेधा शक्ति और परिश्रम से इस कड़ी प्रतिस्पर्धा को जीत कर यह मुकाम हासिल किया है। कैंपस में आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह के दौरान आईएसबी के डायरेक्टर भगवान चैधरी ने मेधावी छात्रों को डिग्रियां प्रदान कीं। इस दौरान दीक्षा सिंह के चेहरे पर अपनी मेहनत की सफलता की चमक साफ दिखाई दी। समारोह में भाग लेने पहुंचे परिजनों ने बेटी की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। हैदराबाद पहुंचकर परिजनों ने दीक्षा को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दीक्षा की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे सासनी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। बेटियों की शिक्षा और उनकी मेहनत समाज के लिए प्रेरणा है। दीक्षा ने यह साबित कर दिया कि अगर लक्ष्य बड़ा हो और इरादे मजबूत, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। इस दौरान दीक्षा सोलंकी के पिता महेंद्र सिंह सोलंकी, माता पूर्व ब्लाक प्रमुख अंजली सिंह सोलंकी, सचिन सोलंकी, हरवीर सिंह तोमर, अजीत सिंह गैदा, रामकिशोर सोलंकी, पंकज सिंह सोलंकी, संतोष चैधरी, सतेंद्र सिंह, हरी शंकर वार्ष्णेय, आदि लोगो ने हर्ष व्यक्त किया है।












