
गांव ऊसवा में एक ग्रामीण की कल देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार करीब 55 वर्षीय मृतक शराफत अली पुत्र इस्माइल खान के बेटे नाजिम ने पिता की मौत को लेकर आरोप लगाया है कि शराफत अली को उनके ताऊ का लड़का लंबे समय से थाना छर्रा क्षेत्र के बूढे गांव में अपने साथ रखता था और उनके साथ दुर्व्यवहार कर उन्हें बंधक बनाकर रखता था। नाजिम के अनुसार कल को उसके पिता शराफत अली और ताऊ का लड़का उसे मिल गए, नाजिम अपनी मां के साथ था। जब वह अपने पिता को अपने साथ ले जाने लगा, तो ताऊ के लड़के ने नाजिम और उसकी मां के साथ मारपीट की। इसके बावजूद, नाजिम अपने पिता को अपने गांव ले आया। अरोप है कि गांव पहुंचते ही शराफत अली की मौत हो गई। नाजिम ने आशंका जताई है कि उनके पिता की मौत हार्ट अटैक या किसी अन्य अज्ञात कारण से हुई है, जो कथित दुर्व्यवहार से संबंधित हो सकता है। वहीं सासनी खंडेलवाल प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि मृतक अपने बडे भाई के लडके के पास लगभग दो वर्ष से रह रहा था। कुछ समय से उसकी तबियत खराब थी, जिससे उसकी अचानक मौत हो गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद मौत का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा। फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।












