

हाथरस-18 फरवरी। गत 5 फरवरी को घटित सैनिक के हत्याकांड मामले में आज एसओजी टीम व थाना सादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्यवाही मे सराहनीय कार्य करते हुए थाना क्षेत्रांतर्गत चन्द्रा फार्म हाउस के पास हुई सनसनीखेज गोली मारकर हत्या की घटना करने वाले 25-25 हजार रुपये के इनामिया 2 आरोपी भोला व अंकित पुलिस मुठभेड़ के उपरान्त आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गये और उन्हें गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 मोटरसाईकिल, 2 तमंचा 315 बोर, 3 जिन्दा व 2 खोखा कारतूस बरामद किया है। उक्त घटना में शामिल 5 आरोपियों को पुलिस द्वारा व अन्य 2 आरोपियों को हरियाणा पुलिस द्वारा कुल 7 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक गत 5 फरवरी को वादिया डौली कुमारी पुत्र देवेन्द्र सिंह निवासी ग्राम समदपुर थाना सादाबाद द्वारा तहरीर के माध्यम से थाना सादाबाद पर सूचना दी कि 5 फरवरी को उसका भाई अखिलेश कुमार पुत्र देवेन्द्र सिंह निवासी ग्राम समदपुर भारतीय सेना का सैनिक है। वह हाथरस न्यायालय से अपनी तारीख करके मित्र की कार से आगरा की तरफ आ रहा था। तभी चन्द्रा फार्म हाउस के समीप ईको कार व मोटर साइकिल सवार लोगों द्वारा उसके ऊपर फायरिग कर दी। जिससे अखिलेश की मौके पर मृत्यु हो गयी। उक्त सूचना के आधार पर थाना सादाबाद पर सुसंगत धाराओं मे अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में एसओजी, सर्विलांस व थाना पुलिस सहित 5 टीमों का गठन किया गया था। विवेचना के क्रम में टीमों द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गयी तथा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। जिसके क्रम मे थाना सादाबाद पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए 7 फरवरी को अभियोग मे नामजद 2 आरोपी बौबी उर्फ विशाल, राजा उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। 9 फरवरी को हरियाणा पुलिस द्वारा घटना में शामिल आरोपी कमलकांत और विक्रम सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था तथा 16 फरवरी को थाना सादाबाद पुलिस द्वारा मुठभेड के दौरान हेमन्त को तथा 17 फरवरी को रमेश, जगवीर पुत्रगण सुनहरीलाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 टीमो का गठन किया गया था। जिसके क्रम में गठित टीमों द्वारा लगातार संभावित प्रयास किए जा रहे थे।
पुलिस अधीक्षक द्वारा अभियोग में वांछित आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु 10 फरवरी को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गठित पुलिस टीमो के अथक प्रयासोपरान्त आज एसओजी टीम व थाना सादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्यवाही मे उक्त गोली मारकर हत्या के अभियोग मे वांछित चल रहे 25-25 हजार रुपये के इनामिया अंकित व भोला से सलेमपुर बंबा की तरफ हुई पुलिस मुठभेड के दौरान पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जवाबी फायरिंग में भोला उर्फ भोलू उर्फ विष्णु पुत्र पप्पू निवासी महावतपुर थाना सादाबाद व अंकित उर्फ हकला पुत्र सुरेश निवासी समदपुर के पैर में गोली लगने से घायल हो गये तथा दोनों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। घायल/ गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी है, जिनके विरुद्ध पूर्व में भी अभियोग पंजीकृत है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी धीरज गौतम मय एसओजी टीम व प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मय टीम थाना सादाबाद शामिल थे।












