नाबालिग की सूचना पर दौड़ी पुलिस 3 पीआरवी गाड़ियां पहुंचीः हड़कंप


सादाबाद-4 फरवरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव कजरौटी में आज सुबह उस वक्त भारी अफरा-तफरी मच गई, जब डायल 112 पुलिस की तीन पीआरवी गाड़ियां सायरन बजाती हुई गांव में पहुंच गईं। पुलिस की भारी मौजूदगी देखकर ग्रामीण भी सहम गए और गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस के मौके पर पहुंचने का कारण एक नाबालिग लड़के द्वारा डायल 112 पर दी गई सूचना थी। नाबालिग ने फोन कर बताया कि उसके परिवार पर पड़ोसियों द्वारा हमला किया जा रहा है और उनकी जान को खतरा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तीन पीआरवी गाड़ियां गांव में भेज दीं।
बताया जाता है गांव में पुलिस की तीन गाड़ियां पहुंचने के बाद पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घबराहट में नाबालिग लड़का सही पता नहीं बता पा रहा था, जिसके चलते पुलिसकर्मी करीब आधे घंटे तक गांव की गलियों में भटकते रहे। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस उक्त स्थान तक पहुंच सकी।
मौके पर जांच करने पर पुलिस को स्थिति अलग ही मिली। जांच में सामने आया कि बीती रात दो पक्षों के बीच मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई थी। लेकिन आज सुबह फिर से दोनों पक्षों में गाली-गलौज शुरू हो गई, जिससे डरकर नाबालिग ने घबराहट में पुलिस को हमले की सूचना दे दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। साथ ही बढ़ा-चढ़ाकर और झूठी सूचना देने पर परिवार को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में इस तरह की गलत सूचना न दी जाए और कोई विवाद न किया जाए।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment