चोरों ने अब तक चार बाइक एवं एक टेंपो को किया पार
सिकंदराराऊ । कस्बा एवं क्षेत्र में वाहन चोरों के लगातार हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। शातिर वाहन चोर बेखौफ होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस इन पर अंकुश कस पाने में नाकाम साबित हो रही है। बेखौफ वाहन चोरों ने गांव नौरथा ईशेपुर में एक ओर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। कासगंज रोड स्थित गांव नौरथा ईशेपुर में एक जनसेवा केंद्र के बाहर खड़ी एक बाइक को चोरों ने पार कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव नौरथा ईशेपुर निवासी लक्ष्मण सिंह पुत्र चंद्रपाल सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी हीरो स्प्लेंडर बाइक 5 अक्टूबर को गांव में स्थित एक जनसेवा केंद्र के बाहर खड़ी हुई थी। इस दौरान मौका पाकर चोरों ने उसकी बाइक को पार कर दिया। पीड़ित ने बाइक को काफी तलाश किया। किंतु उसका कोई सुराग नहीं लगा। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस बाइक चोरों की तलाश में जुट गई है । बतादें कि चोरों ने गत 2 सितंबर को पंत चौराहे के निकट डाकघर के बाहर खड़ी एक छात्र की बाइक को पार कर दिया। वहीं 4 सितंबर को चोरों ने मोहल्ला सराय उम्दा बेगम स्थित शैलानी परिसर के बाहर खड़ी विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड मंत्री की बाइक को अपना निशाना बना लिया था। वहीं गांव नावली लालपुर निवासी मनोज पुत्र राय सिंह का भाई नीरेश उसका टेम्पू चलता था। 7 सितंबर की शाम 4:30 बजे करीब उसके भाई नीरेश ने टेम्पू को पंत चौराहे पर खड़ा कर दिया और लघुशंका करने को चला गया। इस दौरान चोरों ने मौका पाकर टेम्पू को अपना निशाना बना लिया। जब वह लघुशंका कर वापस लौटा तो टेम्पू उक्त स्थान पर नहीं था। टेम्पू को गायब देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई । उसने टेम्पू को काफी तलाश किया। किंतु उसका कोई सुराग नहीं लगा। वहीं कोतवाली क्षेत्र के गांव लश्करगंज निवासी अमन लाल शर्मा पुत्र क्षाक्षन लाल शर्मा की स्पेंडर बाइक कस्बा के मोहल्ला भूतेश्वर कॉलोनी में 19 सितंबर की सुबह 10 बजे घर के बाहर खड़ी थी । चोरों ने मौका पाकर बाइक को पार कर दिया । पीड़ितों द्वारा अज्ञात चोरों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस अभी तक चोरों तक नहीं पहुंच पाई। लगातार हो रही वाहनों की चोरियों की चर्चाओं का बाजार लोगों के बीच जारी है।












