दो दिन से खराब अवस्था में खड़ा है ट्रक:कासगंज रोड के गांव खेमगढ़ी पर हुआ हादसा
सिकंदराराऊ। कासगंज रोड स्थित गांव खेमगढ़ी के निकट बीती रात एक प्राइवेट एंबुलेंस सड़क किनारे गिट्टी से लदे खड़े एक खराब ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में एंबुलेंस चालक व परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए और एंबुलेंस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई । आनन फानन में दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान रात्रि को ही चालक रोशन लाल की मौत हो गई और परिचालक का उपचार जारी है । पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है ।
बताया जाता है कि जनपद कासगंज के थाना सोरों क्षेत्र के बसंत नगर निवासी 40 वर्षीय रोशन लाल प्राइवेट एंबुलेंस चलाते थे। वह मरीजों को कासगंज से बाहर लाने-ले जाने का कार्य करते थे। गुरुवार की रात्रि 10:30 बजे वह अपने परिचालक राजेश पुत्र राजपाल निवासी त्रिलोकपुर के साथ मरीज को छोड़कर वापस कासगंज लौट रहे थे। जैसे ही एंबुलेंस गांव खेमगढ़ी के पास पहुंची। तभी एंबुलेंस चालक एंबुलेंस से अपना नियंत्रण खो बैठा और एंबुलेंस अनियंत्रित होकर दो दिन से सड़क किनारे गिट्टी से लदे खराब खड़े एक ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस चालक व परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए और एंबुलेंस भी क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ से जुट गई । मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान एंबुलेंस चालक रोशन लाल ने रात्रि को ही दम तोड़ दिया और घायल राजेश का उपचार अभी जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। सूचना पाकर परिजनों में चीत्कार मच गया । परिजन भी सूचना पाकर पहुंच गए। रोशन लाल की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है












