हरिद्वार में डाक कांवड़ उठाने के दौरान युवक की हुई मौत,मचा कोहराम

कांवड़ उठाने के करीब 20 मिनट बाद बिगड़ी तबियत अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव बरईशाहपुर निवासी एक 22 वर्षीय युवक की रविवार की रात्रि को हरिद्वार में डाक कांवड़ उठाने के दौरान अचानक तबियत बिगड़ गई । आनन फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि गांव बरईशाहपुर निवासी 22 वर्षीय आकाश पुत्र ओंकार 15 अगस्त को अपने साथियों के साथ डाक कांवड़ लेने को हरिद्वार गया था। 16 अगस्त की रात्रि करीब 11:30 बजे उसने अपने साथियों के साथ कांवड़ उठाई। कांवड़ उठाने के करीब 20 मिनट बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह अचेत होकर गिर पड़ा।
आकाश के साथियों ने बताया कि आकाश को तीन झटके आए। दोस्तों ने तत्काल उसे सीपीआर देकर और मुंह से सांस देने की कोशिश की। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया । जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आकाश करीब छह माह पूर्व रोजगार के सिलसिले में जयपुर गया था और वहीं काम करता था। उसके पिता ओंकार का पूर्व में ही निधन हो चुका था। परिवार में उसकी मां, एक छोटा भाई और एक बड़ी बहन हैं। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। आकाश का 13 वर्षीय छोटा भाई अक्सर बीमार रहता है । जिसके कारण परिवार में उसकी भूमिका महत्वपूर्ण थी। रविवार देर रात आकाश का शव गांव बरई शाहपुर पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजनों में हाहाकर मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गमगीन माहौल में परिजनों ने उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया। आकाश की अचानक हुई मौत से ग्रामीण और उसके साथ हरिद्वार गए दोस्त गहरे सदमे में हैं। युवक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment