
सादाबाद- 22 जनवरी।कोतवाली क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर आज सुबह एक सड़क हादसे में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई।एक अज्ञात वाहन ने सब्जी मंडी जा रहे टेंपो को टक्कर मार दी, जिससे टेंपो में सवार किसान की मौके पर ही दम तोड़ दिया। टेंपो चालक इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गया। घटना से परिजनों में भारी कोहराम मच गया है।

बताया जाता है कोतवाली क्षेत्र के गांव रसगवां निवासी किसान पंकज कुमार पुत्र राजनारायण सिंह सब्जी की खेती करते थे और रोजाना की तरह हरी मिर्च लेकर सादाबाद स्थित आगरा रोड की सब्जी मंडी जा रहे थे। आज सुबह भी वह टेंपो में सब्जी लेकर जा रहे थे तभी भारत पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल पंकज को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक छा गया और वह अस्पताल पहुंच गए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।












