चोरी व लूट करने वाले गैंग का खुलासा: 3 गिरफ्तार: बरामद

हाथरस- 22 जनवरी। एसओजी टीम व थाना हाथरस गेट पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में जनपद में चोरी व लूट की घटनाएं करने वाली गैंग का आज पर्दाफाश करते हुए गैंग के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है और इनके कब्जे से 1 अवैध तमंचा, 2 जिन्दा कारतूस 315 बोर व चोरी/लूटी हुई 2 मोटर साइकिल 2 मोबाइल फोन बरामद बरामद किये हैं।गिरफ्तार आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर सुनसान स्थान देखकर राह चलते लोगों से मौका पाकर, झपट्टा मारकर, चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे ।।
पुलिस के मुताबिक गत 9 जनवरी को राहुल गुप्ता पुत्र भुवनेश कुमार गुप्ता निवासी बुर्जवाला कुंआ द्वारा थाना हाथरस गेट पर सूचना दी कि 8 जनवरी की रात्रि में मथुरा जाते समय रास्ते में रूहेरी पुल के पास से अज्ञात चोरों द्वारा उसकी मोटरसाईकिल व मोबाइल फोन चोरी कर लिये है।


पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए घटना के शीघ्र खुलासे हेतु अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के कुशल नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक थाना हाथरस गेट, एसओजी व सर्विलांस सहित 6 टीमों का गठन किया गया । सभी टीमों को पुलिस अधीक्षक द्वारा लगातार ब्रीफिंग की गई तथा घटना के सफल खुलासा हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए । तत्पश्चात पुलिस टीमों द्वारा रूहेरी चौराहा के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया गया तो कुछ बदमाशों का सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पीछा करते हुए पुलिस टीमों द्वारा परताप चौराहा से जनपद अलीगढ के तोछीगढ तक एवं लहरा एवं सासनी क्षेत्र में करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया गया।।
एसओजी टीम व थाना हाथरस गेट पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में चोरी व लूट की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए घटना करने वाले गैंग के 3 सदस्यों को नगला भूरा/लहरा की तरफ जाने वाले तिराहे के पास से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है ।।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अंकुश द्वारा जुर्म का इकबाल करते हुए बताया कि उसने अपने साथियों सद्दाम व रतन के साथ मिलकर 8 जनवरी की रात्रि में अपने एक अन्य साथी गोरी उर्फ गौरव पुत्र संजू उर्फ संजीव सिंह निवासी सठिया थाना सासनी के साथ मिलकर रूहेरी पुल, मथुरा बरेली हाइवे से एक स्पलैण्डर मोटरसाईकिल व वन प्लस कम्पनी का मोबाइल फोन चोरी कर लिया था तथा स्पलैण्डर मोटरसाईकिल के डिग्गी में रखे दो मोबाइल फोन वीवो और ओप्पो कम्पनी के मिले थे जो गौरी उपरोक्त के पास है।साथ ही दिनांक 29 दिसम्बर की रात्रि में सरस्वती इन्टर कॉलेज के पास आगरा रोड से एक महिला से झपट्टा मारकर एक मोबाइल फोन लूटा था ।
इसके अतिरिक्त आरोपियों ने अपने साथी गोरी उर्फ गौरव व पवन शर्मा पुत्र भोला पंडित निवासी सठिया के साथ मिलकर गत 17 अक्टूबर की रात्रि में इगलास क्षेत्र के सहारा कला भट्टे के पास से एक व्यक्ति से एक प्लेटिना मोटरसाईकिल लूटी थी । आरोपियों द्वारा बताया गया कि हम लोग मिलकर थाना इगलास क्षेत्र से लूटी गई मोटरसाईकिल का प्रयोग कर चोरी व लूट की घटनाए कर रहे थे । सद्दाम व रतन द्वारा भी पूछताछ करने पर अपने जुर्म का इकबाल करते हुए अँकुश व गोरी उर्फ गौरव के साथ मिलकर उपरोक्त घटनाएं करना स्वीकार किया है। पुलिस द्वारा उक्त घटनाओं से सम्बन्धित शेष शातिरों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों द्वारा सार्थक प्रयास किये जा रहे है । गिरफ्तार शातिरों में अँकुश पुत्र महेश चन्द्र निवासी गाँव सठिया सासनी, सद्दाम पुत्र सब्बीर व रतन कुमार पुत्र ज्वाला प्रसाद निवासीगण बरसे सासनी हैं।।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार राठी मय टीम थाना हाथरस गेट, धीरज गौतम प्रभारी एसओजी/सर्विलांस टीम मय टीम शामिल थे ।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment