
सादाबाद-22 जनवरी। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा में जवाहर बाजार स्थित इमरान गली में बीती रात्रि को एक सर्राफ की दुकान में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर पूरे कस्बा में भारी सनसनी फैला दी है।अज्ञात चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर तिजोरी से लाखों रुपए कीमत के चांदी के जेवरात का एक बॉक्स चोरी कर फरार हो गए।।
बताया जाता है कस्बा के इमरान गली में आज सुबह जब दुकानदार मनोज कुमार पुत्र कालीचरन दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्हें ताले टूटे हुए मिले। दुकान के अंदर तिजोरी से चांदी के जेवरात का बॉक्स गायब था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर लग गई।।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों की तलाश भी जारी है।पीड़ित दुकान स्वामी मनोज कुमार ने बताया कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से दुकान में प्रवेश किया और केवल चांदी के जेवरात का बॉक्स ही चुराया है। घटना के बाद व्यापारियों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।।
प्रभारी निरीक्षक योगेश कुमार सिंह ने बताया है कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












