
हाथरस-22 जनवरी। स्थानीय घास मंडी स्थित भगवान भोलेनाथ जी के मंदिर में भगवान राम के जन्मोत्सव के उपलक्ष में आज प्रसाद वितरण किया गया।
आज पूर्व पालिका अध्यक्ष पं. आशीष शर्मा घास की मंडी स्थित भगवान भोलेनाथ जी के मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शंकर, भगवान राम, लक्ष्मण, मां जानकी व हनुमान जी की पूजा अर्चना की और दर्शन किए तथा नगर वासियों के उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की और राहगीरों को पूरी सब्जी का प्रसाद वितरण किया।
इस अवसर पर पूर्व पालिका अध्यक्ष पं. आशीष शर्मा ने भगवान राम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जो हर परिस्थिति में समान रहता है वही राम है। जो दुखद परिस्थितियों को भी सुखद बना दे,वही रामात्व का साक्षात स्वरूप है।उन्होंने कहा कि माता-पिता दोनों की आज्ञा का पालन करना ही धर्म है। वन को जाओ और बनाकर लौटो यह कथन जीवन को संस्कारित करने की प्रेरणा देता है। पं. आशीष शर्मा ने आगे कहा कि मेरा और हाथरस वासियो का सौभाग्य है कि अयोध्या धाम में भगवान राम की पहली पूजा में हाथरस का इत्र, रूह और गुलाब जल लगा। यह क्षण मेरे जीवन का महत्वपूर्ण क्षण था।
प्रसाद वितरण में पूर्व पालिका अध्यक्ष पं. आशीष शर्मा के साथ मोनू पंडित, सोनू पंडित,गौरव पंडित, शिवकुमार अग्रवाल, शुभम, हरिकिशोर बर्मन आदि लोग उपस्थित थे।












