
जनपद में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी हाथरस के निर्देश पर आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सासनी क्षेत्र के विभिन्न गांवों में संचालित शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
बुधवार को अभियान के तहत, आबकारी टीम ने छौंक और सलेमपुर इलाकों में स्थित देशी और कंपोजिट मदिरा की दुकानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने दुकानों के स्टॉक रजिस्टर और वर्तमान स्टॉक का बारीकी से मिलान किया। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण का उद्देश्य अवैध भंडारण या मिलावट की संभावना को रोकना है। टीम ने टेस्ट परचेसिंग भी की, जिससे यह पता चल सके कि विक्रेताओं द्वारा ग्राहकों से निर्धारित प्रिंट रेट से अधिक वसूली न की जा रही हो। सुरक्षा की दृष्टि से, दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और उनकी कार्यक्षमता का भी गहनता से परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान, आबकारी अधिकारियों ने अनुज्ञापियों और सेल्समैनों को सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि मिलावटी शराब या ओवर रेटिंग की शिकायत मिलने पर संबंधित अनुज्ञापी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्यवाही में आबकारी निरीक्षक हाथरस क्षितिज कुमार और आबकारी निरीक्षक सासनी अच्छे लाल मिश्र सहित अन्य आबकारी स्टाफ और सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे।












