हाथरस। शहर में आज एसडीएम सदर और तहसीलदार की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए भारत सरकार की मुद्रा ₹5 और ₹10 के सिक्कों की कथित अवैध खरीद-बिक्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान करीब कई कट्टों में भरे सिक्के बरामद किए गए हैं। उक्त छापामार कार्यवाही से अवैध कारोबार करने वालों में भारी खलबली मच गई है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जाता है भारतीय मुद्रा के पांच व ₹10 के सिक्कों के अवैध कारोबार किये जाने की आशंका को लेकर आज शहर में प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही करते हुए शहर की हनुमान गली में एक फर्म पर छापेमारी की गई। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर जहां बिक्री के लिए रखी गई ₹5 और ₹10 के सिक्कों की बड़ी खेप बरामद हुई। कार्यवाही के दौरान करीब 100 कट्टों में भरे सिक्के मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।प्रशासन ने मौके से बरामद सिक्कों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सिक्कों की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि इतने बड़े पैमाने पर सिक्के कहां से लाए गए और इन्हें किस उद्देश्य से बेचा जा रहा था।। उक्त संबंध में एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह ने बताया है कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में नवीन पुत्र अनूप कुमार निवासी हनुमान गली के आवास पर की गई कार्यवाही के दौरान भारी मात्रा में प्रचलित भारतीय मुद्रा बरामद हुई है।मौके पर उपस्थित परिवारजनों से उक्त मुद्रा के संबंध में पूछताछ की गई, किन्तु उनके द्वारा धनराशि के स्रोत के संबंध में कोई संतोषजनक उत्तर अथवा प्रासंगिक अभिलेख या साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए जा सके। प्रकरण की संदिग्ध प्रकृति को दृष्टिगत रखते हुए मामले की जांच हेतु संबंधित अधिकारियों की टीम गठित की गई है।। .
एसडीएम सदर ने बताया है कि बरामद मुद्रा को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु कोतवाली सदर पुलिस के सुपुर्द किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में जब्त की गई मुद्रा की गिनती की जा रही है। गिनती पूर्ण होने के उपरांत प्राप्त कुल धनराशि एवं जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही नियमानुसार की जायेगी।












