सांसद एवं विधायक ने बाल्मीकि मंदिर के जीर्णोद्धार का किया शिलान्यास : 75 लाख की लागत से होगा मंदिर का निर्माण

सिकंदराराऊ । कस्बा के मोहल्ला नौरंगाबाद पूर्वी स्थित महर्षि बाल्मीकि मंदिर के जीर्णोद्धार और नवनिर्माण कार्य का शनिवार को सांसद अनूप प्रधान बाल्मीकी एवं विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने संयुक्तरूप से भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। पर्यटन विकास विभाग के अंतर्गत इस मंदिर के निर्माण के लिए करीब 75 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस दौरान सांसद अनूप प्रधान बाल्मीकि ने बताया कि महर्षि बाल्मीकि मंदिर लंबे समय से जर्जर अवस्था में था।

बाल्मीकि समाज और स्थानीय लोग लगातार इसके जीर्णोद्धार की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पर्यटन-संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह और विधायक वीरेंद्र सिंह राणा के प्रयासों से यह परियोजना स्वीकृत हुई है। सांसद ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंदिर का निर्माण भव्य और आकर्षक स्वरूप में कराया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह कार्य छह से सात माह में पूरा हो जाएगा।
विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि निर्माण के बाद यह मंदिर न केवल सिकंदराराऊ बल्कि पूरे जिले की पहचान बनेगा। उन्होंने पर्यटन विकास मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह और सांसद अनूप प्रधान बाल्मीकि के सहयोग को इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए अहम बताया। उन्होंने का पूरे जनपद में महर्षि बाल्मीकि का मंदिर केवल सिकंदराराऊ में है।


इस दौरान विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने ट्रॉमा सेंटर को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ट्रॉमा सेंटर का संचालन भाजपा सरकार में शुरू हुआ और आवश्यक चिकित्सकों की नियुक्ति भी भाजपा सरकार के प्रयासों से हुई थी। उन्होंने बताया कि वह स्वयं सांसद अनूप प्रधान बाल्मीकि के साथ उपमुख्यमंत्री से मिले थे । जिसके बाद ट्रॉमा सेंटर को संचालित कराने और सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज हुई। शेष आवश्यक सुविधाएं भी जल्द शुरू कर दी जाएंगी। इस मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष मुकुल गुप्ता, गिरीश मोहन गुप्ता, पंकज गुप्ता, निर्मल दास बाल्मीकि, मीरा माहेश्वरी, शशिवाला, संतोष पौरुष, कमलेश शर्मा, कमल नयन वार्ष्णेय, राज वार्ष्णेय, प्रवीण वार्ष्णेय डॉबी आदि मौजूद रहे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment