हाथरस। थाना समाधान दिवस के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में आग लगने की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पहुंचकर घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय में विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की घटना हुई थी। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई तथा समय रहते आग पर पूर्णतः काबू पा लिया गया। घटना के समय विद्यालय में 21 छात्राएं मौजूद थीं। सभी छात्राएं पूर्णतः सुरक्षित हैं तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि विद्यालय परिसर में चल रहे अतिरिक्त निर्माण कार्य के दौरान प्रयुक्त मशीनरी के कारण विद्युत लाइन पर अतिरिक्त भार पड़ने से शॉर्ट सर्किट की स्थिति उत्पन्न हुई है। घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जा रहा है। इस घटना के दृष्टिगत सभी विद्यालयों का और अधिक गहनता एवं गंभीरता से सुरक्षा ऑडिट कराते हुए आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जनपद में संचालित समस्त कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में फायर सेफ्टी व्यवस्था का व्यापक परीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें टॉफी एवं चिप्स वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। जिलाधिकारी ने छात्राओं से आपदा की स्थिति, विशेषकर आग लगने अथवा भूकंप जैसी परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी एवं बचाव के उपायों की जानकारी भी प्राप्त की तथा उन्हें आपदा के समय सतर्कता एवं सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने छात्राओं से वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), तहसीलदार सहित पुलिस, अग्निशमन विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।












