दुर्घटना में घायल प्रमुख लाइट टेंट व्यवसायी राकेश सक्सैना काके बाबू की मौत: भारी शोक

हाथरस। शहर के प्रमुख टेंट, लाइट एवं कैटर्स कारोबार के कारोबारी काके टेंट लाइट हाउस के संचालक राकेश सक्सेना उर्फ काके के गत दिनों सड़क दुर्घटना के दौरान गंभीर रूप से घायल हो जाने के बाद कल शाम उनकी मौत हो गई और प्रमुख कारोबारी की मौत से टेंट लाइट कैटर्स आदि व्यापारियों व उनके समर्थको व शुभचिंतकों में भारी शोक की लहर दौड़ गई है तथा पुलिस द्वारा उनके शव का आज पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं आज शाम उनका अंतिम दाह संस्कार भी कर दिया गया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराये जाने हेतु थाना हाथरस जंक्शन पुलिस को तहरीर दे दी गई है।

घटना की रिपोर्ट दर्ज कराये जाने हेतु प्रमुख टेंट लाइट व्यवसायी राकेश सक्सैना उर्फ काके बाबू के पुत्र लोकेश सक्सेना निवासी नई बस्ती विद्यापति नगर मुरसान गेट ने थाना हाथरस जंक्शन पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि गत 27 जून को उसके पिता राकेश सक्सेना उर्फ काके बाबू अपनी बाइक संख्या यूपी 86 एएन/ 6367 पर सवार होकर सलेमपुर जा रहे थे और इसी दौरान रास्ते में करीब दोपहर 3 बजे कैलोरा के पास तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक संख्या यूपी 85 बीई/ 2467 के अज्ञात चालक ने तेजी व लापरवाही से उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

तहरीर में कहा गया है कि घटना की सूचना मिलने पर वह व अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और उसके पिता को तत्काल उपचार हेतु अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उनका उपचार चलता रहा और कल 10 जुलाई को उन्हें अस्पताल से दोपहर 2 बजे डिस्चार्ज कराकर घर लाए थे, लेकिन शाम 6 बजे उसके पिता की फिर से तबियत बिगड़ गई और उन्हें तत्काल उपचार हेतु बागला जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा जांच पड़ताल के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना परिजनों द्वारा थाना हाथरस जंक्शन पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस द्वारा मृतक टेंट लाइट कारोबारी काके बाबू के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया।

प्रमुख टेंट लाइट कारोबारी राकेश सक्सेना उर्फ काके बाबू की मौत की खबर सुनकर बागला जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम गृह पर ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय एवं टेंट लाइट संगठन के जिलाध्यक्ष व प्रदेश उपाध्यक्ष अवधेश पण्डा, शीलेंद्र कुमार शर्मा, मुरारीलाल पचौरी आदि लोग भी पहुंच गए और उन्होंने परिजनों को सांत्वना दिलाते हुए ढाढ़स बंधाया तथा पोस्टमार्टम के बाद आज शाम को उनके शव का दाह संस्कार कर दिया गया।
प्रमुख टेंट लाइट कारोबारी राकेश कुमार सक्सेना उर्फ काके बाबू करीब 47 वर्ष के थे। उनका शहर के मथुरा रोड स्थित राधिका वाटिका में टेंट, लाइट और डेकोरेशन का व्यवसाय है। मृतक टेंट लाइट कारोबारी राकेश सक्सेना काके बाबू अपने पीछे पत्नी और बच्चों तीन पुत्र व एक पुत्री को को छोड़ गए हैं। शहर के व्यापारियों ने उनके निधन पर भारी शोक व्यक्त किया है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment